HEADLINE
Dark Mode
Large text article

भवनतरा स्कूल में नया भवन नहीं, पहले होगी मरम्मत; DEO ने BEO को 3 दिन में मांगी रिपोर्ट

 


जांजगीर-चांपा | पामगढ़ विकासखंड के शासकीय प्राथमिक एवं पूर्व माध्यमिक शाला भवनतरा में नए स्कूल भवन के निर्माण की मांग पर जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए हैं। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 में दर्ज शिकायत के बाद विभागीय स्तर पर मामले की समीक्षा की गई, जिसमें प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि विद्यालय में नए भवन की आवश्यकता नहीं है, जबकि भवन की मरम्मत आवश्यक है। यह जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा 31 जुलाई 2026 को जारी पत्र में दी गई है। 

जारी पत्र के अनुसार, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में आवेदन क्रमांक CC260700084818 दिनांक 09 जुलाई 2026 के माध्यम से ग्राम भवनतरा निवासी विकास कुमार ने विद्यालय में नए भवन निर्माण एवं मरम्मत कार्य की मांग की थी। आवेदन के आधार पर मामले की जांच की गई।

DEO ने BEO को दिए ये निर्देश

जिला शिक्षा अधिकारी ने विकासखंड शिक्षा अधिकारी, पामगढ़ को निर्देशित किया है कि विद्यालय की वास्तविक आवश्यकता एवं औचित्य का परीक्षण कर तीन दिनों के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन उपलब्ध कराया जाए।

रिपोर्ट के साथ निम्न दस्तावेज भी मांगे गए हैं—

स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) का प्रस्ताव

संस्था प्रमुख का अभिमत

ग्राम पंचायत का प्रस्ताव

कार्य स्थल के 2–3 रंगीन फोटोग्राफ

शासकीय भूमि संबंधी दस्तावेज

पीडब्ल्यूडी/आरईएस द्वारा तैयार प्राक्कलन

आवश्यकता एवं औचित्य संबंधी विस्तृत प्रतिवेदन

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि आवश्यक दस्तावेज प्राप्त होने के बाद प्रस्ताव को आगे उच्च कार्यालय भेजा जाएगा।

नए भवन की जगह मरम्मत को प्राथमिकता

पत्र के अनुसार विभागीय जानकारी में यह सामने आया है कि संबंधित विद्यालय में फिलहाल नए भवन निर्माण की आवश्यकता नहीं है। ऐसे में प्राथमिकता भवन की मरम्मत कराने पर दी जा रही है। अंतिम निर्णय आवश्यक दस्तावेजों और तकनीकी परीक्षण के बाद लिया जाएगा। 

आवेदक को भी भेजी गई प्रति

जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा जारी पत्र की प्रतिलिपि कलेक्टर, जांजगीर-चांपा तथा शिकायतकर्ता विकास कुमार, ग्राम भवनतरा को भी सूचनाार्थ भेजी गई है।

Post a Comment